बाड़मेर नगर परिषद और चौहटन नगर पालिका में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब सभापति और अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं। भाजपा ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर दी है और अब एक-एक पार्षद से वन-टू-वन रायशुमारी कर संभावित चेहरों पर मंथन किया जा रहा है। पार्टी के ऑब्जर्वर, प्रभारी और जिलाध्यक्ष की कमेटी रायशुमारी के बाद नामों पर विचार कर अंतिम फैसला करेगी। माना जा रहा है कि देर रात तक सभापति के नाम पर मुहर लग सकती है। बाड़मेर नगर परिषद में सभापति पद के लिए गौतम जैन, कैलाश कोटड़िया, गंगाविशन अग्रवाल और सुनील सिंघवी के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। हालांकि कई जीते हुए पार्षद अपने-अपने खेमे के नेताओं के लिए लॉबिंग में जुटे हैं। भाजपा नेतृत्व पार्षदों की राय और राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए नाम तय करेगा। 32 से ज्यादा पार्षद भाजपा खेमे में भाजपा के सभी जीते हुए पार्षद फिलहाल बाड़ेबंदी में हैं। इसके अलावा दो-चार निर्दलीय पार्षदों के भी भाजपा खेमे में शामिल होने की बात सामने आई है। इससे भाजपा खेमे में पार्षदों की संख्या 32 से अधिक हो गई है। पार्टी जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई, प्रभारी और अन्य पदाधिकारी पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से राय ले रहे हैं। इसके बाद कमेटी सभापति पद के चेहरे पर अंतिम निर्णय करेगी। कांग्रेस सोशल इंजीनियरिंग के सहारे बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में कांग्रेस ने 21 सीटें जीती हैं। भाजपा के सभापति प्रत्याशी की घोषणा के बाद कांग्रेस अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस तीन-चार पार्षदों से सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करवा सकती है। इसके बाद 18 सितंबर को इनमें से एक नाम पर सहमति बनाकर बाकी प्रत्याशियों के नाम वापस करवाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। कांग्रेस ने अपने अधिकांश पार्षदों को बाड़ेबंदी से बाहर कर दिया है। नामांकन की लास्ट डेट कल जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को सभापति चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी। सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि बुधवार है। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 21 सितंबर को सभापति पद के लिए मतदान होगा। इधर, कांग्रेस के पार्षदों को एसडीएम कार्यालय लाकर शपथ दिलाई गई। भाजपा के पार्षद फिलहाल बाड़ेबंदी में हैं। चौहटन नगर पालिका में भी भाजपा नेतृत्व अध्यक्ष पद के लिए संभावित नामों पर मंथन कर रहा है। इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… बाड़मेर में 15 साल बाद बीजेपी बनाएगी बोर्ड:भाजपा को 44.33% वोट मिले; पढ़ें, अब चेयरमैन का चेहरा कौन