भरतपुर के रुदावल थाना इलाके में दो बदमाशों ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। जिसके बाद बदमाश घर से सोने-चांदी के जेवर और 55 हजार रुपये नकद लूटकर ले गए। पुलिस को घटना की सूचना लगी तो, पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी करवाई लेकिन, बदमाशों का कुछ पता नहीं लगा। घर की दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए वीरी सिंह (62) ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि मंगलवार की रात वह अपनी पत्नी मुन्नी देवी (56) के साथ घर में सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे दो बदमाश घर के बाथरूम की दीवार से मकान की छत पर चढ़कर घर में घुस आये। जिसके बाद बदमाश घर के कमरों में घुस गए। चोरों ने कमरों में रखे संदूक के ताले तोड़े और उसमें से सोने की चैन, 1 अंगूठी, 1 मंगलसूत्र, 1 चांदी की कोंदनी, 1 चांदी की पायल और 55 हजार 200 रुपए नकद चोरी कर लिए, इसी दौरान वीरी सिंह की नींद खुल गई। उन्होंने बदमाशों को कमरे से निकलते देखा तो शोर मचा दिया। विरोध करने पर बुजुर्ग दंपत्ति पर हमला वीरी सिंह की आवाज सुन उनकी पत्नी मुन्नी देवी भी उठ गई। वीरी सिंह और मुन्नी देवी ने जब बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो, दोनों बदमाशों ने बुजुर्ग दंपत्ति पर लाठी से हमला कर दिया। हमले में वीरी सिंह के सिर और हाथ में चोट आई है। मुन्नी देवी के पीठ में चोट आई है। हमला कर बदमाश सोने चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की रुदावल थाना अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना का पता लगने के बाद आसपास के इलाके में नाकाबंदी करवाई गई लेकिन , बदमाशों का कुछ पता नहीं लग सका। मौके पर MIU और FSL की टीम मौके पर बुलाई गई और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर