पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस के CIA स्टाफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राधेश्याम पुत्र सेन नारायण और राहुल कुमार पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। दोनों रावला मंडी (श्रीगंगानगर) के हैं। ऑस्ट्रिया मेड 9 MM ग्लॉक पिस्टल मिली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑस्ट्रिया निर्मित 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और यामाहा एफजेड बाइक बरामद की है। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इन्हें फिरोजपुर रोड, लुधियाना में नहरी विभाग की खाली जमीन के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी वारदात के लिए अपने साथियों का इंतजार कर रहे हैं। विदेश में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर हरमन संधू के संपर्क में थे। हैंडलर के कहने पर चंडीगढ़ और मोहाली के बड़े कारोबारियों के घरों और दफ्तरों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने तथा रंगदारी वसूलने की प्लानिंग बनाई जा रही थी। राधेश्याम के खिलाफ रावला मंडी और अनूपगढ़ में 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, राहुल कुमार के खिलाफ रावला मंडी में एक मामला दर्ज है। मंगलवार शाम को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब आरोपियों से हथियार कहां से मिला, नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और प्रस्तावित वारदात को लेकर क्या योजना थी, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।