साइबर ठग आजकल ठगी के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। शादी के सीजन में साइबर ठग फिर सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में पुलिस की साइबर टीम ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों से अनजान एप और फर्जी लिंक नहीं खोलने की अपील की गई है। आजकल साइबर ठग व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर शादी के कार्ड, होटल वेन्यू और प्री-वेडिंग वीडियो के नाम पर एपीके फाइल और फिशिंग लिंक भेजकर शिकार बना रहे हैं। लिंक पर क्लिक करते ही आपकी पर्सनल जानकारी हैकर के पास पहुंच जाती है और आप ठगी का शिकार हो जाते हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध फोटो-वीडियो, एपीके फाइल या लिंक पर क्लिक ना करें। फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजकर भी बना सकते हैं निशाना कई मामलों में साइबर ठग फाइल की जगह फिशिंग लिंक भेज सकते हैं। लिंक शादी के निमंत्रण, होटल बुकिंग, वेडिंग कार्ड देखने के नाम पर बनाया जाता है। लिंक खोलने पर फर्जी वेबसाइट मोबाइल नंबर, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य संवेदनशील जानकारी भरने के लिए कह सकती है। कुछ मामलों में संदिग्ध सॉफ्टवेयर डाउनलोड कराने का प्रयास ​भी किया जा सकता है। जान-पहचान वाले नंबर से आए मैसेज पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करें साइबर ठग किसी परिचित का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उसके नाम से मैसेज कर सकते हैं। जैसे-भाई, शादी का कार्ड भेजा है, देखकर बताओं वेन्यू सही है या नहीं मैं जल्दी में हूं। परिचित के नंबर से मैसेज आने के कारण व्यक्ति बिना वैरिफाई किए लिंक या फाइल खोल सकता है। ऐसे में साइबर अपराधी मोबाइल में मौजूद निजी फोटो, पासवर्ड सहित अन्य जानकारी ले सकता है। साथ ही मोबाइल में सभी कॉन्टेक्ट नंबर पर मैसेज भेजकर ठगी कर सकता है।