अजमेर में मौसमी बीमारियों और डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अब घर-घर निगरानी शुरू कर दी है। ‘स्वास्थ्य दल आपके द्वार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की फील्ड टीमें घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित मरीजों की जानकारी जुटाने के साथ डेंगू के लार्वा की पहचान करेंगी। टीमें घरों और आसपास जमा पानी के स्रोतों की जांच की करेंगे और लोगों को मच्छरों की रोकथाम के लिए जरूरी सावधानियां बताई जाएंगी। CMHO डॉ. ज्योत्सना रंगा ने बताया कि अभियान में आशा कार्यकर्ता, एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग का फील्ड स्टाफ शामिल रहेगा। टीमें बुखार के मरीजों का सर्वे कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन देंगी। साथ ही डेंगू सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी लोगों को दी जाएगी। जमा पानी में लार्वा मिला तो मौके पर ही बताएंगे बचाव के तरीके अभियान के दौरान घरों और आसपास के क्षेत्रों में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा की तलाश की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की पहचान करेंगे। घरों में लंबे समय से जमा पानी को खाली करवाने और ऐसे स्थानों को साफ रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। टीमों का फोकस पानी जमा होने वाले उन स्थानों पर भी रहेगा, जहां मच्छरों के पनपने की आशंका रहती है। बुखार के मरीजों की जानकारी जुटाकर देंगे स्वास्थ्य सलाह घर-घर सर्वे के दौरान बुखार से पीड़ित लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी लोगों को बीमारी के लक्षणों, बचाव और समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। विभाग का उद्देश्य शुरुआती स्तर पर मौसमी बीमारियों की पहचान और उनकी रोकथाम को मजबूत करना है। टीबी और HPV वैक्सीनेशन की भी देंगे जानकारी अभियान सिर्फ मौसमी बीमारियों तक सीमित नहीं रहेगा। स्वास्थ्य टीमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएंगी। HPV वैक्सीनेशन और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए काउंसलिंग की जाएगी।