धौलपुर में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का प्रचार सोमवार शाम 5 बजे थम गया। धौलपुर नगरपरिषद के साथ मनियां, राजाखेड़ा और सैंपऊ नगरपालिका क्षेत्रों में 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। पिछले कई दिनों से प्रत्याशी और राजनीतिक दल पूरी ताकत से प्रचार में जुटे थे। प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क और बैठकें तेज कर दीं। चुनावी मैदान में कांग्रेस, भाजपा और बसपा के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी जीत के लिए जोर लगा रहे हैं। प्रचार खत्म होने के बाद अब प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए कहेंगे। हालांकि, मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में प्रचार से जुड़ी गतिविधियों पर रोक रहेगी। पहले चरण में धौलपुर नगरपरिषद, मनियां, राजाखेड़ा और सैंपऊ नगरपालिका क्षेत्र के वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वोटिंग शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर खास सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। 9 सितंबर को मतदान वाले नगरीय क्षेत्रों में छुट्टी रहेगी, ताकि वोटर बिना किसी दिक्कत के वोट डाल सकें। मतदान के दिन इन क्षेत्रों में 'ड्राई डे' भी रहेगा। इस दौरान शराब की बिक्री और बांटने पर रोक रहेगी। प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशियों का पूरा ध्यान ज्यादा से ज्यादा वोटरों को बूथ तक पहुंचाने और अपने पक्ष में वोट डलवाने पर है। चुनाव नतीजों को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं।