धौलपुर शहर के घंटाघर रोड स्थित ए.बी.एम. स्कूल में अखिल भारतीय मीरा साहित्य संगम धौलपुर ने एक कवि सम्मेलन आयोजित किया। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू हुआ। सम्मेलन में कई कवियों ने गीत, गजल, मुक्तक, व्यंग्य और ओजपूर्ण कविताएं सुनाईं। श्रोताओं ने उनकी खूब तारीफ की। बसेड़ी के बाबूलाल सागर ने सरस्वती वंदना की। धौलपुर की नंदिनी शर्मा केसरी ने प्रेम पर गीत सुनाया। मुकेश धौलपुरी ने भावपूर्ण मुक्तकों से मन छुआ। मनियां के सुरेंद्र शर्मा ने सत्य पर गीत प्रस्तुत किया। व्यंग्यकार मनोज सिंघल ‘बैचेन’ ने समाज में गिरते संस्कारों पर कटाक्ष किया। बाड़ी के राकेश दीक्षित ने शृंगार रस के गीत सुनाए। मुरैना के प्रेम प्रसून ने बुजुर्गों के प्रति दायित्वों पर छंद सुनाया। सैंपऊ के आकाश राजा ने देश की रक्षा पर ओजपूर्ण कविता से जोश भर दिया। संयोजक विकल फरुखाबादी ने अपनी प्रसिद्ध कविता सुनाई। वीरेंद्र त्यागी ने अध्यक्षता की और डॉ. भूपेंद्र कौशिक मुख्य अतिथि रहे। अंत में सभी का आभार जताया गया।