जयपुर के दूदू में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के संबोधन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। इस पर डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। कहा- ये चुनावी प्रचार नहीं, बैठ जा, तू बड़ा आदमी नहीं है। डोटासरा का गुरुवार को जन्मदिन है। इस पर प्रदेश में जगह-जगह उनके स्वागत कार्यक्रम किए जा रहे थे। जयपुर से नागौर के डेगाना जाते समय डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का दूदू में स्वागत कार्यक्रम प्रस्तावित था। पहले देखिए कार्यक्रम से जुड़ी दो फोटोज… गोविंद सिंह डोटासरा सुबह 11ः30 बजे दूदू पहुंचे। दूदू पुलिया के नीचे कांग्रेस कार्यकर्ता कमलेश रोज डोटासरा के स्वागत के लिए जेसीबी लेकर खड़े थे। दूदू के एनबी गार्डन में सभा रखी गई थी। इस दौरान डोटासरा का काफिला गलत दिशा में जाने के बाद यू-टर्न लेकर सभा स्थल की ओर बढ़ा। जिला परिषद टिकट दावेदारों के समर्थक भिड़े
इस बीच जिला परिषद टिकट दावेदारों कमलेश रोज, कमल चौधरी, त्रिलोक चौधरी के समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। कार्यकर्ताओं ने एक कार के शीशे पर मुक्के तक मार दिए। लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया। संबोधन के दौरान भी कार्यकर्ता हुए आमने-सामने
इसके बाद सभी कार्यकर्ता एनबी गार्डन में पहुंचे। यहां पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम का स्वागत किया। जैसे ही डोटासरा का संबोधन शुरू हुआ, कार्यकर्ता एक बार फिर से आमने-सामने हो गए। इस पर डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। डोटासरा ने कमलेश रोज को फटकारते हुए कहा कि सुन नहीं रहे तुम, ये तरीका है क्या, ये चुनावी प्रचार नहीं है , ऐ भैया, सुन नहीं रहा है क्या तू ऐ मिस्टर, ऐ मिस्टर कमलेश, न्यू सेंस मत कर, बैठ जा, बैठ जा, बड़ा आदमी नहीं है तू। डोटासरा के हस्तक्षेप के बाद विवाद खत्म हुआ और उन्होंने अनुशासन बनाए रखने को कहा। डोटासरा बोले- लोगों के वोट के अधिकार को छीना जा रहा
सभा को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कार्यकर्ताओं से कहा- वर्तमान समय में लोकतंत्र और संविधान के सामने चुनौती है और लोगों के वोट के अधिकार को छीना जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। पंचायत चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरे डोटासरा ने हाल ही में हुए नगर पालिका चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में कांग्रेस ने भाजपा को मात दी है। अब पंचायत चुनाव में भी भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा। कलेक्टर-एसडीएम दे रहे कांग्रेस प्रत्याशियों की लिस्ट डेगाना में जिला स्तरीय पंचायतीराज सम्मेलन में गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- किसी चुनाव में इतनी गुंडागर्दी नहीं हुई। वसुंधरा जी मुख्यमंत्री रहीं, गहलोत जी मुख्यमंत्री रहे, उन्होंने कभी निकाय-पंचायत चुनाव में दखल नहीं दिया। कांग्रेस से कौन चुनाव लड़ रहा है, उसकी कलेक्टर और एसडीएम लिस्ट दे रहे हैं। लिस्ट से क्या करना चाहते हो? यह सरकार डर के कारण समय पर चुनाव नहीं करवा पाई। (पूरी खबर पढ़ें…) कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के बब्बर शेर किशनगढ़ में विधायक विकास चौधरी ने डोटासरा और जूली का स्वागत किया। इस दौरान डोटासरा ने कहा- हम पंचायती राज चुनावों में भाजपा को उसकी औकात दिखाएंगे। संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल कर डराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है। हम राहुल गांधी के बब्बर शेर है। (पूरी खबर पढ़ें…) ….. ये खबर भी पढ़ें… विश्वेंद्र के आरोपों पर डोटासरा बोले- हम सब एक हैं:राजस्थान से भाजपा का सूपड़ा साफ होगा; महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सिंह को बताया BJP स्लीपर सेल