डूंगरपुर नगर परिषद के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। सोमवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस ने रैलियां निकालीं। रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने भाजपा के लिए रोड शो किया। वहीं, कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा बाइक पर सवार होकर रैली में शामिल हुए। नगर निकाय चुनावों के लिए डूंगरपुर नगर परिषद में सोमवार शाम को प्रचार थम गया। इससे पहले कांग्रेस ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से वाहन रैली निकाली। इसमें कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा बाइक पर शामिल हुए। कांग्रेस से सभापति प्रत्याशी भरत नागदा और कई पार्षद प्रत्याशी भी मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी हाथों में झंडे-बैनर लेकर शहर में घूमे और पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की। भाजपा की ओर से भी रोड शो किया गया। रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया खुली जीप में रोड शो कर रही थीं। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल और स्वच्छता के ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता भी मौजूद थे। एक अन्य कार में भाजपा प्रत्याशी सुशीला गुप्ता समेत कई पार्षद प्रत्याशी शामिल हुए। यह रोड शो भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ और शहर के कई रास्तों से गुजरा। पुराने शहर में घूमने के बाद जब रैली गेपसागर की पाल पर पहुंची, तो चुनाव प्रचार का समय खत्म होने के कारण डीजे बंद करना पड़ा। इसके बाद रैली सीधे भाजपा ऑफिस पहुंची। वहीं, बीएपी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर संपर्क कर प्रचार किया।