डूंगरपुर में आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को सागवाड़ा, पुनाली, आसपुर और गलियाकोट ब्लॉक कांग्रेस की बैठकें हुईं, जिनमें चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर मंथन किया गया। बैठकों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने बूथ से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। बूथ से पंचायत तक संगठन सक्रिय करने की रणनीति बैठकों में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने, आपसी समन्वय बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को गांवों तक मजबूत करने पर चर्चा हुई। पार्टी ने पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर लगातार संपर्क बनाए रखने की रणनीति बनाई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों और स्थानीय जनहित के मुद्दों को उठाने का आह्वान किया। घोगरा बोले- मतभेद दूर कर एकजुटता से जुटें डूंगरपुर विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश घोगरा ने कहा कि कांग्रेस आमजन की आवाज को लेकर काम करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद दूर कर एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। घोगरा ने पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझकर संगठन के साथ काम करना होगा। जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच पहुंचने और लगातार जनसंपर्क बनाए रखने की जरूरत है। वरिष्ठ नेताओं ने दिए संगठन मजबूत करने के सुझाव बैठक में पूर्व राज्यमंत्री शंकरलाल यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र बामणिया, वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार पाटीदार, पूर्व पालिकाध्यक्ष नरेंद्र खोड़निया, कांग्रेस विधायक प्रत्याशी रहे कैलाश रोत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित पंचाल, कपिल भट्ट, नागेंद्र सिंह ठाकरड़ सहित अन्य नेताओं ने विचार रखे। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने और संगठनात्मक गतिविधियों को गांवों तक मजबूत करने की बात कही। बैठक में चुनावी प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के समन्वय और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा हुई।