डूंगरपुर में बाइक सवार युवक-युवती से मारपीट कर लूटपाट के मामले में दो महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर संदीप खराड़ी (22) को रामसागड़ा थाना पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने और मोबाइल नंबर बदल रहा था। पहचान छिपाने के लिए वह कभी मजदूरी, कभी सफाईकर्मी तो कभी कैंटीन में काम करता रहा। संदीप के खिलाफ चोरी, मारपीट और धमकी समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। युवक-युवती को रास्ते में रोककर की थी मारपीट और लूट रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि घटना 19 जून की रात की है। पीयूष और उसकी साली आस्था बाइक से जगाबोर से नया तालाब की ओर जा रहे थे। गामड़ी अहाड़ा से पहले सीमेंट ईंट फैक्ट्री के पास मोड़ पर काले रंग की बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनका पीछा कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद पीयूष की जेब से आधार कार्ड, मोबाइल और मोबाइल कवर में रखे 500 रुपए छीन लिए। पीयूष ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। तीन आरोपी पहले पकड़े, मास्टरमाइंड रहा फरार पीयूष के परिजन कैलाश मीणा ने 20 जून को रामसागड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को कावा उर्फ कावालाल, टिंकू खराड़ी और एक बाल अपचारी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने तीनों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं वारदात का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड संदीप पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। हर पांच-सात दिन में बदल देता था ठिकाना पुलिस के अनुसार संदीप गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। वह करीब हर पांच-सात दिन में जगह बदल देता था। पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग जगहों पर अलग काम करता था। कभी मजदूर, कभी सफाईकर्मी, कभी कैंटीन कर्मचारी तो कभी खोमचा लगाने वाला बन जाता था। वह अपने मोबाइल नंबर भी लगातार बदलता रहा। पुलिस टीम उसके ठिकाने तक पहुंचती, उससे पहले ही वह वहां से निकल जाता था। लगातार निगरानी और सूचना तंत्र के जरिए पुलिस को आखिरकार उसके अहमदाबाद में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने अहमदाबाद पहुंचकर दबिश दी और संदीप खराड़ी को गिरफ्तार कर लिया। संदीप पर 10, अन्य आरोपियों पर भी केस दर्ज थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि संदीप रामसागड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, धमकी समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं कावा उर्फ कावालाल के खिलाफ 4, टिंकू के खिलाफ 1 और बाल अपचारी के खिलाफ 2 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरफ्तार संदीप से वारदात में इस्तेमाल साधन, लूटे गए सामान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।