डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब संभावित प्रत्याशियों की जमीनी स्थिति, संगठन में सक्रियता और क्षेत्र में पकड़ की जानकारी जुटा रही है। सभी 14 पंचायत समितियों में वार्डवार आवेदन लिए जा रहे हैं। पार्टी पदाधिकारी और पंचायत समिति प्रभारी कार्यकर्ताओं से बैठकें कर रहे हैं। इसके साथ ही सर्वे का काम भी चल रहा है। सीमलवाड़ा की प्रभारी पूर्व विधायक अनीता कटारा, भंडारिया के सुनील पंड्या, चिखली के ताज़ेंग पाटीदार और झौथरी के करुण ननोमा सहित सभी प्रभारी आवेदन ले रहे हैं। वे कार्यकर्ताओं से चर्चा कर दावेदारों की जानकारी जुटा रहे हैं। संगठन को मिले आवेदनों और चर्चाओं के आधार पर संभावित नामों के पैनल तैयार किए जाएंगे। बुधवार को ये वार्डवार पैनल संगठन को सौंपे जाएंगे। इसके बाद पार्टी संगठन आगे का फैसला लेगा।