डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है, लेकिन फिलहाल नामांकन केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है। श्राद्ध पक्ष के चलते राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप नहीं दिया है और प्रत्याशी भी पर्चा दाखिल करने से दूरी बनाए हुए हैं। धार्मिक मान्यताओं के कारण नए और शुभ कार्य टालने की परंपरा का असर चुनावी सरगर्मियों पर भी नजर आ रहा है। नवरात्र में तेज होगी टिकटों और नामांकन की दौड़ राजनीतिक विश्लेषकों और पार्टी सूत्रों के अनुसार, नवरात्र स्थापना के साथ चुनावी गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। नवरात्र के पहले दिन से ही राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों के टिकट फाइनल कर सूचियां जारी कर सकते हैं। इसके बाद प्रत्याशी शुभ मुहूर्त देखकर समर्थकों के साथ रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचेंगे। 22 अक्टूबर को 7 पंचायत समितियों में चुनाव डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में 22 अक्टूबर को सात पंचायत समितियों—सागवाड़ा, पाडवा, गलियाकोट, सीमलवाड़ा, झोंथरी, भंडारी और चिखली—में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव होंगे। 24 अक्टूबर को 233 ग्राम पंचायतों में मतदान इसके बाद 24 अक्टूबर को जिले की 233 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव होंगे। इसके लिए कुल 595 मतदान बूथ बनाए जाएंगे। पहले चरण के चुनाव कार्यक्रम के तहत अब राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की नजरें नवरात्र पर टिकी हैं, जब टिकटों की घोषणा के साथ चुनावी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।