गुजरात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की गांधीनगर और अहमदाबाद जोन की टीम ने राजस्थान पुलिस के एक कमांडो और ट्रैवल्स संचालक को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। मेहसाणा रेलवे स्टेशन (गुजरात) के सामने की गई कार्रवाई में आरोपियों के पास 204.86 ग्राम अवैध मेफेड्रोन ड्रग्स मिली है। साथ ही अन्य सामान जब्त किया गया है। इसकी कुल कीमत 11.34 लाख रुपए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान पुलिस के मंडोर ट्रेनिंग स्कूल में कमांडो के रूप में कार्यरत भीखाराम दिपाराम सियोल (बिश्नोई) और पाली निवासी और बापूनगर में ट्रैवल्स का कारोबार करने वाला सुरजसिंह पुरोहित को भी गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ड्रग्स का यह जखीरा जोधपुर के प्रकाश ढाका से खरीदा गया था। सुरजसिंह अपनी कार से मेहसाणा में यह जखीरा लेने आया था। ये माल जब्त किया गया पुलिस ने घटनास्थल से 6,14,580 रुपए कीमत का MD ड्रग्स, 5 लाख रुपए की कार, 3 मोबाइल फोन और डिजिटल वजन कांटा जब्त किया है। FSL की जांच में पदार्थ के मेफेड्रोन होने की पुष्टि हुई है। ANTF की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों और सप्लायर प्रकाश ढाका के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।