हनुमानगढ़ जिले में एचपीवी और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश ने सभी सात ब्लॉक के सुपरवाइजरी स्टाफ के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में एचपीवी, डेंगू-मलेरिया सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर जोर दिया गया। पिछले साल टिब्बी ब्लॉक के साबुआना गांव में डेंगू का आउटब्रेक हुआ था, जिसे देखते हुए इस बार पहले से ही तैयारी की जा रही है। डॉ. अखिलेश ने बताया कि डेंगू और मलेरिया की रोकथाम में आम लोगों की भूमिका भी अहम है। जिला कलेक्टर और सीएमएचओ ने लोगों से पानी जमा न होने देने और जल स्रोतों को ढककर रखने की अपील की है। नगर परिषद फॉगिंग और साफ-सफाई कर रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की करीब 900 कर्मचारियों की टीम रोज घर-घर जाकर एंटी लार्वा गतिविधियां चला रही है। बुखार के मामलों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्ड टेस्ट किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि फील्ड में तैनात स्टाफ अपने क्षेत्र में प्रभावी ढंग से निगरानी और मॉनिटरिंग कर सके। इसी उद्देश्य से सुपरवाइजरी स्टाफ की बैठक आयोजित की गई, ताकि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करते हुए मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।