हनुमानगढ़ में लोगों को सुरक्षित और पौष्टिक खान-पान के प्रति जागरूक करने के लिए ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान शनिवार से शुरू हुआ। अभियान 16 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल से हुई अभियान की शुरुआत अभियान की शुरुआत जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल से हुई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नवनीत शर्मा की मौजूदगी में खाद्य सुरक्षा दल ने छात्राओं को पौष्टिक और सुरक्षित भोजन की जानकारी दी। साथ ही उन्हें पैकेटबंद हेल्दी फूड का चयन करते समय सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया। फूड लेबल पढ़ने से लेकर हेल्दी टिफिन तक सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर की अगुवाई में ‘ईट राइट स्कूल्स’ अभियान भी चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में छात्राओं को खाद्य पदार्थों के फूड लेबल पढ़ने, हेल्दी टिफिन तैयार करने और हाथ धोने की सही तकनीक के बारे में बताया गया। इस दौरान एक छात्रा को ‘ईट राइट स्कूल’ की ब्रांड एम्बेसडर भी बनाया गया। जंक फूड से दूरी पर जोर अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ भोजन के प्रति जागरूक करना है। उप प्रधानाचार्य ओमप्रकाश नांदेवाल ने कहा कि बच्चे हेल्दी फूड के बजाय जंक फूड और पैकेटबंद एवं रासायनिक खाद्य पदार्थों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में ‘ईट राइट’ अभियान बच्चों को सही खान-पान के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।