हनुमानगढ़ टाउन में बाबा मंगलनाथ डेरे की चारदीवारी तोड़े जाने से मोहल्लेवासियों और श्रद्धालुओं में गुस्सा है। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और कृषि उपज मंडी समिति की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने प्रशासन से डेरे को बचाने की मांग की। विनोद लुगरिया समेत अन्य लोगों ने बताया कि यह डेरा कई सालों से उनके वार्ड में है, जिसमें चार समाधियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी समिति डेरे में तोड़फोड़ कर चारदीवारी के कुछ हिस्से तोड़ चुकी है। लोगों का कहना है कि प्रशासन धार्मिक स्थल तोड़ने के बजाय इलाके की दूसरी समस्याओं पर ध्यान दे। मंडी समिति के बंद वाटर वर्क्स का कमरा नशेड़ियों का अड्डा है, जहां हाल ही में एक युवक की ओवरडोज से मौत हुई थी। मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी कि वे डेरे को टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि अगर नशेड़ियों का अड्डा नहीं हटाया गया, तो मंडीवासी उसे खुद तोड़ देंगे।