टोंक में घर में सो रहे व्यक्ति के कानों से दो बदमाश सोने के झेला-मुरकियां तोड़कर भाग गए। अचानक हुए हमले से पीड़ित और उसकी पत्नी घबरा गए। उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। करीब 30 ग्राम सोने के आभूषणों की कीमत साढ़े 4 लाख रुपए बताई गई है। सूचना पर पुलिस, स्पेशल टीम और FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की। वारदात गुरुवार रात करीब 2 बजे नासिरदा थाना क्षेत्र के हिसामपुर में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर शुक्रवार सुबह देवली डीएसपी मदन ढाका और नासिरदा थाना प्रभारी रोडूराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। सोते समय बदमाशों ने पैरों में मारा झपट्‌टा पीड़ित रामप्रसाद कीर ने बताया - मैं रात करीब 2 बजे बघेरा रोड स्थित अपने मकान में परिवार के साथ सो रहा था। इसी दौरान काले कपड़े पहने दो अज्ञात व्यक्ति आए और अचानक मेरे कानों पर झपट्टा मार दिया। मैं कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बदमाश दोनों कानों से सोने के आभूषण तोड़कर भाग निकले। अचानक हुई घटना से मैं और मेरी पत्नी घबरा गए। हमने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया। रामप्रसाद के अनुसार, बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर बघेरा की ओर भाग गए। हमने करीब 50 मीटर तक उनका पीछा किया, लेकिन बाद में वापस लौट आए। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी भी जाग गए और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। बिना आवाज किए मकान में घुसे बदमाश घटनास्थल पर मिले हालात के अनुसार, बदमाशों ने मकान में घुसने के लिए मुख्य गेट खोलने के बजाय बाउंड्री पर लगी ईंटों को एक-एक करके हटाया। इससे आवाज नहीं हुई और वे मकान तक पहुंचने में सफल रहे। वारदात के बाद जल्दबाजी में बदमाश मकान के बाहर बनी जाली के पास एक लोहे का औजार छोड़कर भाग गए। पुलिस ने इस औजार को भी जांच के दायरे में लिया है। इसकी मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य FSL टीम शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची और फिंगरप्रिंट सहित अन्य संभावित साक्ष्य जुटाए। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। वहीं, पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है। इनपुट:महेंद्र धाकड़, नासिरदा।