श्रीगंगानगर जिले में शहरी निकाय चुनाव लड़ रहे 1306 उम्मीदवारों में से कौन 344 भाग्यशाली होंगे जो अपने वार्ड के पार्षद बनेंगे। इसका फैसला सोमवार को होगा। सुबह 8 बजे जिले की 11 शहरी निकायों के चुनाव की मतगणना शुरू हो जाएगी। श्रीगंगानगर नगरपरिषद में सबसे ज्यादा 14 राउंड और गजसिंहपुर पालिका में सबसे कम 4 राउंड में मतगणना संपन्न हो सकेगी। श्रीगंगानगर शहर में वार्ड नंबर 5 का चुनाव परिणाम स्पष्ट होने में सबसे ज्यादा 3 मिनट एक सेंकंड लगेंगे। वहीं, वार्ड 27 का चुनाव परिणाम महज 21 सेकंड में आ जाएगा। श्रीगंगानगर नगरपरिषद की मतगणना की प्रक्रिया पांच घंटे तक चलेगी। ​रविवार को अधिकारियों व कर्मचारियों को मतगणना का प्रशिक्षण दिया गया। जिला​ निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. अमित यादव के अनुसार जिले की 11 निकायों में 67 मतगणना टेबल पर 73 राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी। सादुलशहर में 5 टेबल पर 5 राउंड, श्रीगंगानगर में 15 टेबल पर 14 राउंड, श्रीकरणपुर में 5 टेबल पर 5 राउंड, केसरीस िंहपुर में 5 टेबल पर 4 राउंड, सूरतगढ़ में 7 टेबल पर 10 राउंड, रायसिंहनगर में 5 टेबल पर 8 राउंड, अनूपगढ़ में 5 टेबल पर 7 राउंड, पदमपुर में 5 टेबल पर 5 राउंड, गजसिंहपुर में 5 टेबल पर 4 राउंड, श्रीविजयनगर में 5 टेबल पर 5 राउंड व घड़साना में 5 टेबल पर 6 राउंड में मतगणना पूरी हो जाएगी। ईवीएम की कंट्रोल यूनिट से भले ही परिणाम कुछ मिनट में जाना जा सकता है। फिर भी एक राउंड की मतगणना प्रक्रिया को पूरा करने में औसतन 20 मिनट लगेंगे। सीयू से परिणाम लेने के बाद उसकी एंट्रियां और सीयू को दोबारा स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के बाद ही दूसरे राउंड की गणना शुरू होगी। अधिकारियों के अनुसार इस प्रक्रिया में सामान्यत: 20 मिनट लग जाते हैं। वार्ड नंबर 5 में सर्वाधिक 12 उम्मीदवार हैं। यहां नोटा सहित 13 उम्मीदवारों के डेटा की रीडिंग ईवीएम का सॉफ्टवेयर करेगा। इसमें 3 मिनट एक सेकंड लगेंगे। वहीं, वार्ड नंबर 27 में सबसे कम 2 उम्मीदवार हैं। इस वार्ड की एक सीयू में नोटा सहित तीन का डेटा 21 सेकंड में रीड होगा। इलेक्ट्रोनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ईवीएम के सीयू का सॉफ्टवेयर एक उम्मीदवार का डेटा रीड करने में 7 सेकंड लेता है। चुनाव परिणाम लेने के बाद इसकी डीएमएम यानी डिटेचेबल मेमोरी मॉड्यूल सिम को तिहरी सीलिंग में बंद कर ट्रेजरी में रखा जाएगा। पहले बूथ वाइज डीएमएम को प्लास्टिक की पैकिंग में सील किया जाएगा। फिर सभी पार्ट की डीएमएम को एक पैकिंग और इसके बाद पूरी निकाय की डीएमएम को बड़ी पैकिंग में सील किया जाएगा ताकि भविष्य में चैलेंज होने पर संबंधित पार्ट या वार्ड की डीएमएम ही खोल कर दोबारा डेटा चेक किया जा सके। बी रामबाबू, इंजीनियर, ईसीआईएल मतगणना के दिन गणन अभिकर्ताओं को केवल रिटर्निंग अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी फोटोयुक्त बैज के आधार पर ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए भी फोटोयुक्त बैज अनिवार्य रहेगा। 1. सीयू पर प्रपत्र ग की जांच: स्ट्रांग रूम से राउंड में प्रस्तावित वार्ड के सभी पार्ट की ईवीएम की कंट्रोल यूनिट टेबल पर लाई जाएगी। सीयू के साथ अटैच प्रपत्र ग की जांच की जाएगी। इसमें बूथ नंबर, कुल मतदाता, डाले गए वोट व अन्य जानकारी होती है। एंट्रियां मतगणना में मौजूद उम्मीदवार या उसके काउंटिंग एजेंट्स को दिखाई जाएगी। 2. कैप ओपन और पार्टवाइज परिणाम की शीट में एंट्री: टेबल पर मौजूद सीयू की रिजल्ट बटन पर लगी कैप को ओपन किया जाएगा। बटन दबाने के बाद स्क्रीन पर पहले टोटल मत, फिर उम्मीदवार वार प्राप्त मत शो होंगे। टेबल के सुपरवाइजर और गणना सहायक इसकी पार्ट की रिजल्ट शीट में एंट्री कर आरओ टेबल को सूचना देंगे। 3. फाइनल चुनाव परिणाम : आरओ टेबल पर वार्ड के पार्टवाइज चुनाव परिणाम और डाकमत पत्रों की गणना को शामिल कर फाइनल रिजल्ट शीट तैयार होगी। इसी के आधार पर सबसे ज्यादा प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित कर निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।