जयपुर में 14 साल की लड़की से रेप करने वाले पेंटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग जगह भाग रहा था। पुलिस को उसके जयपुर आने का पता चला, इसके बाद सोमवार (5 अक्टूबर) को पकड़ा गया। आरोपी 14 साल की पीड़िता के घर पेंट करने गया था। इसके बाद उसका किडनैप कर एक महीने तक बंधक बनाकर रखा था। पुलिस ने नाबालिग को दस्तयाब कर पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज की थी। पीड़िता के घर पर पेंट करने गया था आरोपी थानाधिकारी ने बताया कि जयपुर की रहने वाली 14 साल की लड़की करीब 2 महीने पहले घर से गायब हो गई थी। काफी ढूंढने के बाद भी परिजनों को उसका पता नहीं चला था। परिजनों की रिपोर्ट पर लड़की के किडनैपिंग का मामला दर्ज कर तलाश शुरु की गई थी। करीब एक महीने बाद नाबालिग लड़की घर के पास मिली। नाबालिग के बयान लिए गए, जिसमें उसने बताया कि आरोपी घर में पेंट करने आता था। घर के रंग-रोगन करने के दौरान आरोपी से उसकी बातचीत होने लगी। उसने दो महीने पहले धोखे से मिलने के बहाने बुलाकर उसका किडनैप कर ले गया था। करीब एक महीने तक बंधक बनाकर रखकर डरा-धमकाकर रेप किया, इसके बाद घर के पास छोड़कर फरार हो गया। दबिश देकर पकड़ा थानाधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की गई। जगह-जगह दबिश दी गई लेकिन आरोपी का कुछ पता नहीं चला। आरोपी बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस को आरोपी के जयपुर आने का पता चला, इसके बाद उसे सोमवार दोपहर दबिश देकर पकड़ लिया गया।