जैसलमेर में नगर निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल बागियों और निर्दलीय प्रत्याशियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी में रहकर अंदरूनी नुकसान पहुंचाने और गद्दारी करने वालों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। राठौड़ ने जिला कार्यालय में कोर कमेटी, वार्ड प्रभारियों और प्रत्याशियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और हर वार्ड-बूथ स्तर पर मजबूत रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर घर-घर जनसंपर्क करने और पार्टी के संकल्प पत्र के आधार पर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। बोले- 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' की दिशा में काम कर रही सरकार राठौड़ ने बताया कि राजस्थान सरकार 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' की दिशा में काम कर रही है। इससे विकास कार्यों के लिए ज्यादा समय मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी पांच वर्षों के विकास के रोडमैप के साथ चुनाव मैदान में है। कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी की असली ताकत प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत बताया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव कार्यकर्ताओं का ही है। इसके लिए हर वार्ड और बूथ स्तर पर मजबूत रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने प्रत्याशियों और वार्ड प्रभारियों को घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद करने के निर्देश दिए। बागियों और निर्दलीयों को सख्त हिदायत मदन राठौड़ ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल बागियों और निर्दलीयों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी में रहकर अंदरूनी नुकसान पहुंचा रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पार्टी के साथ गद्दारी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मूलभूत सुविधाओं को लेकर संकल्प पत्र का जिक्र राठौड़ ने भाजपा के संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी अगले पांच साल में शहरों का चरणबद्ध विकास करेगी। हर घर रसोई गैस, टॉयलेट, स्ट्रीट लाइट, पक्की सड़कें, पार्किंग और बेहतर सफाई व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार के काम ही चुनाव में जीत का मुख्य आधार बनेंगे। बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद बैठक में जिला प्रभारी भोपाल सिंह बड़ला, विधायक छोटू सिंह भाटी, जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.आर. चौधरी, निकाय चुनाव प्रभारी जगदीश देवासी और जिला मीडिया प्रभारी बाबू लाल शर्मा समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।