जैसलमेर नगर परिषद के सभी 44 वार्डों में सोमवार को चुनाव प्रचार थम गया। प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने रैलियां निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया और मतदाताओं से वोट मांगे। इसी दौरान वार्ड 32 में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी आमने-सामने आए, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर जीत की शुभकामनाएं दीं। मौके पर भाजपा विधायक छोटू सिंह और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने भी एक-दूसरे से हाथ मिलाया। नगर परिषद चुनाव में इस बार 44 वार्डों से कुल 143 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने ढोल-नगाड़ों और गाड़ियों के काफिले के साथ रैलियां निकालीं। समर्थकों ने नारे लगाए और अपने प्रत्याशी की जीत का दावा किया। वार्ड 32 में गले मिले भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी प्रचार के अंतिम दिन वार्ड 32 में भाजपा और कांग्रेस के जुलूस आमने-सामने आ गए। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी पवन सुदा और भाजपा प्रत्याशी विजय डांगरा ने एक-दूसरे को गले लगाया और चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। इसी दौरान भाजपा विधायक छोटू सिंह और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने भी एक-दूसरे से हाथ मिलाया। चुनावी माहौल के बीच दोनों दलों के नेताओं का यह दोस्ताना अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। निर्दलीय प्रत्याशियों से बदले समीकरण इस चुनाव में कई वार्डों में मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं है। बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। कुछ वार्डों में पार्टी से बगावत करके चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी हैं। ऐसे में निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों के कारण भाजपा और कांग्रेस के वोटों का समीकरण प्रभावित हो सकता है। अब घर-घर संपर्क पर जोर चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद प्रत्याशी अब घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। जैसलमेर नगर परिषद के सभी 44 वार्डों में 9 सितंबर को मतदान होगा। इसके बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।