झालावाड़ में नवरात्र, दशहरा और दीपावली त्योहारों से पहले नगर परिषद ने शहर की व्यवस्थाएं सुधारने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर परिषद आयुक्त, सभापति और उपसभापति ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें शहर के सभी 45 वार्डों में सफाई, बिजली और दूसरी व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कहा गया कि त्योहारों को देखते हुए सफाई पर खास ध्यान दिया जाए। सभी वार्डों में नियमित सफाई हो और जहां संसाधन कम हैं, वहां तुरंत उपलब्ध कराए जाएं। पार्कों की सफाई और बिजली व्यवस्था भी सुधारने को कहा गया। टूटे झूले-चकरी और ओपन जिम के खराब उपकरण भी ठीक करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शहर में हो रहे अतिक्रमणों को हटाने और नियम के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया। नगर परिषद प्रशासन ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखें और किसी भी समस्या को तुरंत हल करें, ताकि शहरवासियों को कोई परेशानी न हो।