जोधपुर में एक कॉलोनी के गेट के बाहर लगा नीम का पेड़ अचानक तेज आवाज के साथ गिर गया, जिससे आसपास मौजूद लोग डर गए। पेड़ के नीचे खड़ी तीन गाड़ियां दब गई। गनीमत रही ​कि इस दौरान गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना शहर के रातनाड़ा स्थित महावीर नगर कॉलोनी के गेट के पास दोपहर 2:30 बजे की है। वहीं पेड़ गिरने के बाद पूरे एरिया की भी बिजली सप्लाई बंद हो गई। लोगों ने कहा कि अचानक तेज आवाज आने से मौके पर हड़कंप मच गया। पहले देखिए, 3 PHOTO'S स्थानीय लोग बोले- अचानक धमाके के साथ आई आवाज दरअसल, जहां ये हादसा हुआ, वहां पांच से 6 दुकानें भी हैं। स्थानीय निवासी ​धर्मेंद्र सिंह ने बताया- मैं दुकान में था। अचानक से तेज आवाज आई। बाहर आकर देखा तो पेड़ नीचे गिर गया था और तीन गाड़ियां दब चुकी थी। इसके बाद आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। उन्होंने बताया कि ये पेड़ काफी पुराना है। दीमक लगने की वजह से अंदर से ये खोखला हो गया था, जिसके बाद ये अचानक से गिर गया। पेड़ गिरने के बाद बंद हुई बिजली, मौके पर पहुंची टीम इधर, पेड़ गिरने के बाद बिजली के तार भी टूट कर गिर गए। इसके बाद पूरे एरिया की लाइट भी प्रभावित हुई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने डिस्कॉम को इसकी सूचना दी। इस पर एफआरटी टीम मौके पर पहुंची और बिजली लाइनों को सही करने का काम शुरू किया। लोगों ने बताया कि करीब 2 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है, बिजली ​बंद है। हालांकि, टीम लाइनों को सही करने में जुटी हुई है।