करौली में ई-मित्र केंद्रों पर तय शुल्क से ज्यादा पैसे वसूलने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। सपोटरा इलाके में एक ई-मित्र संचालक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है और उसका कियोस्क 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है। सपोटरा के उपखंड अधिकारी अनूप सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई। महमदपुर स्थित ई-मित्र केंद्र के संचालक के खिलाफ ओवरचार्जिंग की शिकायत मिली थी। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के प्रोग्रामर के प्रस्ताव पर यह जुर्माना और निलंबन किया गया। प्रशासन ने साफ किया है कि जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास, जनआधार और विवाह प्रमाण पत्र सहित अन्य सेवाओं के लिए तय शुल्क से ज्यादा राशि लेने पर कार्रवाई होगी। ई-मित्र केंद्रों पर रेट लिस्ट लगाना भी जरूरी है। आम लोगों से अपील की गई है कि अगर कोई ई-मित्र संचालक तय शुल्क से ज्यादा पैसे मांगे तो इसकी शिकायत संबंधित उपखंड कार्यालय या पुलिस को दें।