अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए करौली पुलिस ने एक दिवसीय ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाया। 262 पुलिसकर्मियों की 67 टीमों ने जिले में 505 ठिकानों पर दबिश देकर कुल 123 अपराधियों को पकड़ा। कार्रवाई में 19 स्थाई वारंटी, 4 अवैध हथियार मामलों के आरोपी, 6 हिस्ट्रीशीटर, 3 आबकारी मामलों में वांछित और 9 फरार आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा 55 लोगों को शांति भंग के आरोप में पकड़ा गया। 505 ठिकानों पर एक साथ दबिश एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि राजस्थान पुलिस महानिदेशक और भरतपुर रेंज आईजी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, अवैध हथियार रखने वालों और शराब तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना था। पुलिस टीमों ने जिलेभर में चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। नई मंडी हिंडौन में स्मैक तस्कर गिरफ्तार नई मंडी हिंडौन सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 2.45 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 108 पव्वे देसी शराब भी जब्त किए गए। वहीं, श्रीमहावीरजी, बालघाट, मंडावरा और गढ़मोरा क्षेत्रों में सट्टा-जुआ खेलने वालों तथा तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। 6 महीने से फरार आरोपी सूरत से पकड़ी संपत्ति धोखाधड़ी के मामले में करीब 6 महीने से फरार आरोपी शिमला देवी को पुलिस ने सूरत, गुजरात से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह पहचान छिपाकर वहां एक कपड़ा मिल में मजदूरी कर रही थी। पुलिस ने उसे तलाश कर गिरफ्तार किया। शांति और कानून-व्यवस्था पर फोकस एसपी लोकेश सोनवाल ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।