खैरथल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को किशनगढ़बास में कार्रवाई की। टीम ने पांच दुकानों का निरीक्षण किया। 45 किलो मिर्च पाउडर के पाउच जब्त हुए और 15 किलो अवधि पार मसाले मौके पर नष्ट करवाए गए। मिठाई के पांच नमूने भी जांच के लिए लैब भेजे गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिए सैंपल यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर हुई। नोडल अधिकारी हेमंत कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से कलाकंद, अग्रवाल मिष्ठान भंडार से बर्फी, गुप्ता स्वीट्स एंड नमकीन से बर्फी और मित्तल मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले का नमूना लिया। सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद दिलीप किराना स्टोर का निरीक्षण हुआ। यहां मिर्च पाउडर का नमूना लिया गया। दुकान से 45 किलो मिर्च पाउडर के पाउच जब्त हुए और 15 किलो अवधि पार मसाले नष्ट करवाए गए। विभाग ने जारी किए नोटिस जांच में दुकान पर खाद्य लाइसेंस नहीं मिला। विभाग ने इंप्रूवमेंट नोटिस जारी कर दस्तावेज पूरे करने को कहा। अधिकारियों ने बताया, रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई होगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीषा शर्मा और बबीता भी टीम में थीं।