रींगस-खाटूश्यामजी मार्ग पर लाखनी मोड़ के पास मंगलवार शाम एक हादसा हो गया। खाटूश्यामजी दर्शनों के लिए जा रहे एक ही परिवार की दो कारें आपस में भिड़ गईं। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। टायर फटने से हादसा पुलिस के मुताबिक, यूपी के बागपत से एक ही परिवार के लोग दो कारों में सवार होकर बाबा श्याम के दर्शनों के लिए आ रहे थे। शाम करीब 5 बजे आगे चल रही कार का अचानक टायर फट गया। पीछे आ रही दूसरी कार ने ब्रेक लगाए, लेकिन उसके भी टायर फट गए और दोनों में टक्कर हो गई। डिवाइडर से टकराकर पलटी कार टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें सवार रेणु जैन (60) और उनका बेटा हिमांशु (30) घायल हो गए। दोनों को रींगस के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रेणु जैन को मृत घोषित कर दिया। हिमांशु का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।