नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मंगलवार को कोटा दौरे पर रहेंगे। सीएम की दोपहर 2 बजे कैथूनीपोल थाने के सामने आम सभा व फिर रोड शो प्रस्तावित है। वे कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 5-6 वार्डो में रोड शो करेंगे। पिछले चुनाव में उत्तर नगर निगम में 70 वार्डों में से भाजपा केवल 14 वार्ड ही जीत सकी थी। कोटा नगर निगम चुनाव में प्रचार के अनोखे रंग देखने को मिल रहे हैं। वार्ड 19 से भाजपा प्रत्याशी राकेश पुटरा ने आज वार्ड के अंबिका नगर में सब्जी बेची। राकेश पुटरा सब्जी का ठेला चलाते हुए आलू टमाटर सब्जी ले लो बोलते चले। इससे पहले पुटरा ने रविवार को लक्ष्मण विहार में जनसंपर्क के दौरान जेसीबी पर चढ़कर डांस किया। इधर वार्ड 33 में जनसंपर्क के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी कृष्ण मुरारी कहार को एक महिला मकान के बाहर बर्तन धोते देखी। निर्दलीय प्रत्याशी ने भी महिला के साथ बर्तन धोए और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। कोटा उत्तर विधायक व पूर्व मंत्री शांति धारीवाल आज सुबह सीबी गार्डन में वॉक करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से बातचीत की। धारीवाल रविवार की शाम को ही कोटा पहुंचे हैं। अब तक निकाय चुनाव के समय शहर से बाहर होना कांग्रेस और भाजपा दोनों में चर्चा का विषय बना हुआ था। निर्दलीय बिकने वाले लोग-मदन दिलावर वही रामगंज मंडी में प्रचार के दौरान मंत्री मदन दिलावर ने दल बदलूओं को वोट नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा की रामगंजमंडी के लोग अच्छे और ईमानदार लोगों को चुनते हैं। लुटेरे, चोरों के लिए कोई जगह नहीं हैं। दिलावर ने कहा कि चुनाव में कई निर्दलीय लोग खड़े हो जाते हैं। जैसे तैसे जीत जाए तो किसी से 10-20 लाख लपक (लेकर बिक जाते हैं ) लें। निर्दलीय को वोट देना बेकार जाएगा। वे भी बिकने वाले लोग होते हैं। बीजेपी में आना चाहते हैं प्रहलाद गुंजल- दिलावर दिलावर ने कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कभी बसपा में बिक जाते हैं। कभी कांग्रेस में बिक जाते हैं। अब भाजपा में आने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी बिकाऊ लोगों को वापस नहीं लेगी। उन्होंने कहा- भाजपा श्रेष्ठ व ईमानदार लोगों की पार्टी है। इधर कोटा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के 22 बागी मैदान में डटे हैं। इनमें पूर्व पार्षद, उनके बेटे, पति, पत्नी शामिल है। शांति धारीवाल के उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 30 वार्डों में सबसे ज्यादा 12 बागी हैं। जबकि कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के 40 वार्ड में 6, लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के 24 वार्ड में 3 और रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के 6 वार्ड में 1 बागी हैं। कांग्रेस नेताओं ने पीसीसी को भेजने के लिए बागियों की क्षेत्र वार सूची तैयार की हैं।