कोटा में तबियत बिगड़ने से एक ठेकेदार की मौत हो गई। ठेकेदार पेड़ के नीचे खड़े होकर प्लांट के गार्ड से बात कर रहा था। अचानक तबीयत बिगड़ी। नीचे बैठते ही अचानकर मुंह के बल गिर गया। प्लांट में मौजूद लोग इलाज के लिए कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले गए। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना रानपुर थाना क्षेत्र के केवलनगर में ईंटो के प्लांट की है। मृतक प्रदीप सुमन (30) कसार, मंडाना का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर साइलेंट अटैक से मौत होना सामने आया है। 6 महीने से साइट चल रही थी मृतक के दोस्त गिरधारी ने बताया- प्रदीप सुमन सिविल ठेकेदारी करता था। 5-6 महीने से प्लांट में उसकी साइट चल रही थी। 6 अक्टूबर की सुबह 10 बजे लेबर को संभालने प्लांट आया था। केंटीन के पास पेड़ के नीचे खड़े होकर गार्ड से बात कर रहा था। अचानक तबियत बिगड़ गई। नीचे बैठते समय मुंह के बल गिर गया। पता लगते ही मौके पर पहुंचा। मेरी गाड़ी से उसे हॉस्पिटल लाया और परिजनों को सूचना दी। मृतक के पिता गिरिराज ने कहा- बेटे को कोई बीमारी नहीं थी। मामूली खांसी जुकाम था। सुबह घर से ठीक कंडीशन में निकला था। कुछ घंटे बाद तबियत खराब होने की सूचना मिली। सीधा हॉस्पिटल आ गए। यहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसकी ईसीजी सहित अन्य जांचे की। बाद में मृत घोषित कर दिया। प्रदीप इकलौता बेटा था। 5 साल पहले शादी की थी। उसके एक बेटा, एक बेटी हैं। रानपुर थाना ASI हरिओम ने बताया- प्रदीप को साइट चक्कर आए और तबियत बिगड़ गईं। तबियत बिगड़ने पर प्रदीप को हॉस्पिटल लाए थे। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर साइलेंट अटैक से मौत होना सामने आया है। मौत के कारण की जांच के लिए बॉडी का पोस्टमार्टम करवाया है। जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। परिजनों की तहरीर पर मर्ग दर्ज की हैं।