कोटा निकाय चुनाव 2026 में ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते कोटा नगर निगम के तीन वार्डो में 3 बूथ व सुकेत नगर पालिका के वार्ड 4 के एक बूथ पर फिर मतदान करवाया जा रहा है। इन बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। री पोलिंग में मतदाता के बाएं हाथ की बीच की अंगुली पर स्याही का निशान लगाया जाएगा। मतदान केंद्र पर मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। कोटा में इन तीन बूथों पर री-पोलिंग कोटा नगर निगम के वार्ड 11 बूथ 576 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गणेशपुरा, कमरा नंबर 2 कुल वोट 751 है। वार्ड 11 में बीजेपी की सुमन नायक और कांग्रेस की कमलेश कुमारी के बीच सीधा मुकाबला है। वार्ड 44 बूथ संख्या 448 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सकतपुरा, कमरा नंबर 4 में कुल 1131 वोट हैं। वार्ड 44 में भाजपा के प्रेम सिंह गौड़ व कांग्रेस के अनूप कुमार के बीच मुकाबला है। यहां दो निर्दलीयों उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में हैं। वार्ड 87 के बूथ संख्या 99- हेरिटेज पब्लिक स्कूल, चित्रगुप्त कॉलोनी, कमरा नंबर 3 पर 939 वोट हैं। वार्ड 87 में भाजपा की पुष्पा चौधरी व कांग्रेस की लक्ष्मी शर्मा और दो अन्य निर्दलीय चुनावी मैदान में हैं। सुकेत नगर पालिका के वार्ड 4 के बूथ संख्या 5 पर भी दोबारा मतदान करवाया जा रहा है। यहां 967 वोट हैं।