हनुमानगढ़ में श्री दुर्गा पूजा सेवा समिति 10 से 20 अक्टूबर तक 21वां दुर्गा पूजा महोत्सव मनाएगी। यह आयोजन बरकत कॉलोनी के मिथिला हनुमान मंदिर परिसर में होगा। महोत्सव के लिए बिहार के कारीगर मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं मिट्टी से बना रहे हैं। इनमें पीओपी का इस्तेमाल नहीं हो रहा, जिससे पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखा जा रहा है। समिति 11 अक्टूबर को दोपहर 3.15 बजे महावीर दल धर्मशाला से 551 कलशों की यात्रा निकालेगी। यह मिथिला हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां कलश स्थापना के साथ पूजा शुरू होगी। 20 को प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा समापन महोत्सव में 18 अक्टूबर को महाअष्टमी व्रत, निशा पूजा और छप्पन भोग लगेगा। 19 अक्टूबर को हवन-यज्ञ, कन्या पूजन, भंडारा व जागरण होगा। 20 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन होगा। दरभंगा के अमरकांत मिश्रा, हनुमानगढ़ की पिंकी राठौड़ और समस्तीपुर के विकास रंगीला भक्ति प्रस्तुतियां देंगे। जोर-शोर से चल रही तैयारियां महोत्सव की व्यवस्थाओं में समिति अध्यक्ष बलदेव दास, संरक्षक प्रमोद यादव एवं अशोक गौतम, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र दास, सहसचिव सुरेश दास और सहकोषाध्यक्ष कमलेश यादव सहित अन्य सदस्य जुटे हुए हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं से कलश यात्रा और महोत्सव के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया गया है।