रेलवे की ओर से देवपुरा-सवाईमाधोपुर स्टेशनों के बीच स्थित ब्रिज संख्या 7 पर आरसीसी बॉक्स डालने के कार्य के लिए ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कारण एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर स्पेशल ट्रेन 13 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ये ट्रेन परिवर्तित मार्ग से सवाईमाधोपुर-गंगापुर सिटी-दौसा-जयपुर होकर चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन दुर्गापुरा, वनस्थली निवाई स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी। रेलवे प्रशासन की ओर से नवरात्रि मेले को देखते हुए डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर-भगत की कोठी-बिलासपुर और बिलासपुर-बीकानेर-बिलासपुर रेल सेवाओं का डोंगरगढ़ स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जा रहा है। इन ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर होगा अस्थाई ठहराव ट्रेन संख्या 20843/20844 बिलासपुर-भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20843 बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस 12, 13 एवं 20 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन डोंगरगढ़ स्टेशन पर 21.56 बजे आगमन एवं 21.58 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 20844 भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस दिनांक 15 एवं 17 अक्टूबर 2026 को भगत की कोठी से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन डोंगरगढ़ स्टेशन पर 5.40 बजे आगमन एवं 5.42 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 20845/20846 बिलासपुर-बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 20845 बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस 15 एवं 17 अक्टूबर को बिलासपुर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन डोंगरगढ़ स्टेशन पर 21.56 बजे आगमन एवं 21.58 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 20846 बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस दिनांक 18 एवं 20 अक्टूबर को बीकानेर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन डोंगरगढ़ स्टेशन पर 5.40 बजे आगमन एवं 5.42 बजे प्रस्थान करेगी। इस अस्थायी ठहराव से नवरात्रि मेले के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। जोधपुर-बान्द्रा टर्मिनस ट्रेन का बदलेगा समय रेलवे की ओर से मारवाड़ जंक्शन यार्ड में तकनीकी कार्य किया जा रहा है। इसके कारण जोधपुर-बान्द्रा टर्मिनस ट्रेन 6 अक्टूबर को मार्ग में रेगुलेट रहेगी। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12479, जोधपुर-बान्द्रा टर्मिनस रेलसेवा, जो 6 अक्टूबर 2026 को जोधपुर से रवाना होगी, वह लूनी-राजकियावास के मध्य 25 मिनट रेगुलेट रहेगी। जोधपुर में वंदे भारत स्लीपर डिपो के दूसरे चरण का काम शुरू भगत की कोठी में देश के पहले वंदे भारत स्लीपर मेंटेनेंस डिपो को अत्याधुनिक स्वरूप देने की दिशा में दूसरे चरण का काम शुरू हो गया है। करीब 195 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाले इस चरण में हाईटेक ट्रेनिंग सेंटर,बहुद्देश्यीय वर्कशॉप, कवर्ड शेड और नई मेंटेनेंस सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना को करीब दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि दूसरे चरण में वंदे भारत और हाई स्पीड ट्रेनों के मैंटेंनेस से जुड़े इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर विकसित किया जाएगा। यहां ट्रेनों की आधुनिक मशीनरी और तकनीकी प्रणालियों के अनुरक्षण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यानी ट्रेन के पहियों और अन्य उपकरणों से लेकर आधुनिक तकनीकी प्रणालियों तक के रखरखाव से जुड़ा विशेषज्ञ प्रशिक्षण इसी परिसर में उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में इंस्पेक्शन बे-लाइन पर कवर्ड शेड के साथ बड़ा कवर्ड वर्कशॉप क्षेत्र विकसित किया जाएगा। ओएचई सुविधा से युक्त पिट लाइन का निर्माण होगा तथा पिट व्हील मेंटेनेंस की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा सर्विस बिल्डिंग सहित अनुरक्षण से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। दो साल में पूरा करने का लक्ष्य 195 करोड़ रुपए की लागत वाले दूसरे चरण का काम करीब दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने के बाद भगत की कोठी डिपो में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के मैंटेनेस के लिए वर्कशॉप,पिट लाइन, कवर्ड शेड और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार हो जाएगा।