प्रतापगढ़ के जिला अस्पताल में मरीज के एक परिजन का मोबाइल चोरी हो गया। ये घटना अस्पताल के लेबर विंग की पहली मंजिल पर हुई। नलवा पचौरी फला के रहने वाले प्रकाश मीणा रात में सो रहे थे, तभी उनका रियलमी फोन गायब हो गया। सुबह फोन नहीं मिलने पर प्रकाश मीणा ने कोतवाली थाने और अस्पताल के पीएमओ को शिकायत दी। मोबाइल चोरी की ये पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन से फुटेज देखकर चोर की पहचान कर कार्रवाई करने को कहा गया है। जिला अस्पताल के पीएमओ आलोक यादव ने बताया कि अस्पताल में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसे लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है। चोरी रोकने के लिए अस्पताल अपने स्तर पर भी कर्मचारी तैनात करेगा और एक पुलिस चौकी की मांग की गई है।