चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार टैम्पो ने दिव्यांग युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल युवक की बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर टैम्पो ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रतनगढ़ के वार्ड 22 निवासी पूनम शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका दिव्यांग बेटा मनमोहन अपने दादा शांतिस्वरूप के साथ तालवाले बालाजी के दर्शन करने गया था। शाम करीब पांच से छह बजे के बीच बस स्टैंड के पास एक टैम्पो ने मनमोहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैम्पो ड्राइवर ने अपना नाम असलम बताया। घायल मनमोहन को तुरंत रतनगढ़ के जालान अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर उसे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया। डीबी अस्पताल में भी हालत बिगड़ने पर युवक को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल हंसराज कर रहे हैं।