मुकलावा स्थित शिव मंदिर में चल रहे विवाद के चलते उपखंड अधिकारी द्वारा रिसीवर नियुक्त किए जाने के बाद रविवार को मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर स्थिति असमंजसपूर्ण नजर आई। मंदिर पर ताला लगा होने के कारण श्रद्धालुओं को बिना पूजा-अर्चना किए ही वापस लौटना पड़ा। इससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में निराशा देखने को मिली। ग्रामीणों ने मंदिर को निर्धारित समय पर नियमित रूप से खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंदिर समय पर खुला रहने से श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा कर सकेंगे। इस संबंध में मुकलावा थाना अधिकारी हेमलता शर्मा ने बताया कि पुलिस की देखरेख में रविवार सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना करवाई गई थी, लेकिन उस समय ग्रामीण वहां मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मंदिर की सभी व्यवस्थाएं सुचारू कर दी जाएंगी तथा किसी भी श्रद्धालु को पूजा-अर्चना में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर में रखी गाय आदि की देखभाल और पानी की व्यवस्था को लेकर पूर्व में संबंधित महिला द्वारा ही व्यवस्थाएं की जा रही थीं। मंदिर से जुड़ा मामला एडीजे कोर्ट में भी विचाराधीन है, जिसकी सुनवाई सोमवार को बताई गई है। अब कोर्ट इस मामले में क्या निर्देश देता है, इस पर आगे की व्यवस्था निर्भर करेगी।