सलूंबर नगर परिषद में 11 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव के लिए शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए स्वीप गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को प्रगणकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने घर-घर जाकर मतदाताओं को पीले चावल भेंट किए और मतदान का न्योता दिया। उनसे 11 सितंबर को अनिवार्य रूप से वोट डालने की अपील की गई। इस अभियान के तहत बुजुर्ग, दिव्यांग और नए मतदाताओं का सम्मान किया गया। उन्हें उपरणा ओढ़ाकर और माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 में बुजुर्ग मतदाताओं को खास तौर पर सम्मानित किया गया। पहली बार वोट डालने जा रहे नए मतदाताओं को मतदान का महत्व बताया गया और उनका हौसला बढ़ाया गया। योग्य मतदाताओं से मतदान की अपील स्वीप टीम ने बताया- मतदान हर नागरिक का अधिकार है और लोकतंत्र के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। सभी योग्य मतदाताओं से अपील की गई कि वे खुद भी वोट डालें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। 75 स्काउट-गाइड को दी ट्रेनिंग बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दिन आसानी से वोट डालने की सुविधा देने के लिए 75 स्काउट-गाइड को ट्रेनिंग दी गई। ये ट्रेनिंग पी.एम.श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूम्बर में हुई। इसमें उन्हें बताया गया कि मतदान केंद्र पर बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की मदद कैसे करें, उन्हें आरामदायक माहौल कैसे दें और मतदान प्रक्रिया को आसान कैसे बनाएं। ये ट्रेनिंग सहायक जिला कमिश्नर और प्रधानाचार्य भगवान लाल त्रिवेदी, स्थानीय संघ सचिव श्याम किशोर उपाध्याय और गाइड प्रशिक्षक करिश्मा कलाल के मार्गदर्शन में हुई। ये स्वीप अभियान जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया, जिला स्वीप प्रभारी रामावतार यादव और नगर परिषद आयुक्त अभिषेक शर्मा के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने अपील की है कि 11 सितंबर को कोई भी योग्य मतदाता वोट डालने से न चूके।