सीकर नगर निकाय चुनाव में 64 वार्डों से मैदान में उतरे 262 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद है, जिसका फैसला कल (14 सितंबर) होगा। गर्ल्स कॉलेज में होने वाली मतगणना के दौरान 25 राउंड में वार्डवार परिणाम सामने आएंगे। काउंटिंग शुरू होने के करीब आधे घंटे में पहला रुझान आने की उम्मीद है। नतीजों को लेकर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हैं। सुबह 8 बजे से एसके गर्ल्स कॉलेज के 1 हॉल में 12 टेबलों पर काउंटिंग होगी। सीकर नगर परिषद के 64 वार्डों में 72.15 प्रतिशत मतदान हुआ है। काउंटिंग के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम काउंटिंग सेंटर समेत पूरे शहर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हर तिराहे-चौराहे पर गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। मतगणना के दिन कल्याण सर्किल से बजरंग कांटा तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। 8 बजे से ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। गौरतलब है कि सीकर नगर परिषद सभापति की सीट अनारक्षित महिला की रिजर्व हुई है। 65 में से 64 वार्डों के 191 बूथों पर मतदान हुआ है। वार्ड नंबर-65 में पहले ही कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध जीत चुकी है। मतगणना को लेकर कांग्रेस-भाजपा समेत अन्य दलों और निर्दलीयों ने भी तैयारी कर ली है। सबसे मजबूत समर्थकों को काउंटिंग एजेंट बनाया गया है। हर टेबल पर प्रत्येक ईवीएम की काउंटिंग के दौरान संबंधित वार्ड के हर प्रत्याशी के 1-1 प्रतिनिधि को अनुमति दी गई है। बाड़ाबंदी की वजह से अधिकांश विजयी प्रत्याशियों की जगह उनके प्रतिनिधियों को ही प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। राजनीतिक पंडितों के अनुसार, दोनों प्रमुख पार्टियां कांग्रेस-भाजपा सीधे चेयरमैन चुनाव के दिन ही सभी विजयी पार्षदों को बाड़ाबंदी से बाहर लाएंगी। इन रिजल्ट्स पर सबकी नजरें वार्ड नंबर-11: ये वार्ड डोलियों का बास और जैन भवन इलाके का है। यहां पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के पोते यश जलधारी को भाजपा का टिकट दिया गया है। यहां कांग्रेस की ओर से जैन समाज दिनेश कुमार को टिकट दिया गया है। शहर की चर्चाओं में ये हॉट सीट्स में से एक है। वार्ड नंबर-15: इस सीट के रिजल्ट को सीकर का सबसे हॉट टॉपिक माना जा रहा है। लगातार 2 बार सभापति रहे जीवण खां इस वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। भाजपा ने यहां सिमरन मुंदोरी को प्रत्याशी बनाया है। 11 सितंबर को वोटिंग के दिन यहां बने तनाव के बाद इस सीट के रिजल्ट को लेकर सबसे ज्यादा शोर है। वार्ड नंबर-16: इस वार्ड में पूर्व सभापति जीवण खां की पत्नी खतीजा बानो कांग्रेस की प्रत्याशी हैं। सभापति की कुर्सी अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व होने के कारण खतीजा बानो को चेयरमैन पद का दावेदार भी माना जा रहा है। ऐसे में इस सीट के रिजल्ट पर सबकी निगाहें हैं। वार्ड नंबर-19: कांग्रेस में लंबे समय से पार्षद और निवर्तमान सभापति से अलग कांग्रेस में धड़ेबंदी किए हुए अब्दुल रज्जाक पंवार की पत्नी सूबे दौलत इस वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में एक धड़ा सूबे दौलत के जीतने पर सभापति पद के लिए लॉबिंग कर सकता है। ऐसे में वार्ड-19 के रिजल्ट की काफी चर्चाएं हैं। वार्ड नंबर-50: इस वार्ड से पूर्व कार्यवाहक सभापति विमला कुल्हरी निर्दलीय मैदान में हैं। यहां से भाजपा ने MBA सोनल चौधरी को प्रत्याशी बनाया गया है और कांग्रेस से सुभिता मैदान में हैं। चर्चाएं हैं कि विमला कुल्हरी सभापति पद की प्रमुख दावेदारों में से हैं, इसलिए उन्हें टिकट नहीं दिया गया। लेकिन अब स्पष्ट बहुमत नहीं आने की स्थिति में फिर से विमला कुल्हरी के वार्ड के रिजल्ट पर दोनों ही पार्टियों की निगाहें हैं। पूर्व उपसभापति के वार्ड नं-34 के रिजल्ट पर भी सबकी नजरें इसके अलावा पूर्व उपसभापति अशोक चौधरी के वार्ड नं-34 के रिजल्ट पर भी सबकी नजरें हैं। पूर्व उपसभापति अशोक चौधरी की पुत्रवधू वार्ड नं-40 से किरण चौधरी, वार्ड नं-46 से मोनिका सैनी, वार्ड नं-48 से सरोज सैनी जैसे चेहरे सभापति की दौड़ के चलते इनके रिजल्ट पर सबकी नजरें हैं। ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के पास बने हॉल में 12 टेबलों पर काउंटिंग सीकर रिटर्निंग ऑफिसर(SDM) सुभाष चंद्र ने बताया कि सीकर में 4 डाक मत पत्र इश्यू किए गए थे, इनमें से अभी तक 1 भी डाक मतपत्र नहीं आया है। ऐसे में 8 बजे सीधे ईवीएम की मतगणना शुरू हो जाएगी। गर्ल्स कॉलेज में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के पास बने हॉल में 12 टेबलों पर मतगणना होगी। हर टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर और एक काउंटिंग असिस्टेंट रहेगा। मतगणना केंद्र में सिर्फ अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। 25 राउंड में लगभग साढ़े 11 बजे तक काउंटिंग पूरी होने की उम्मीद है। कल्याण सर्किल से बजरंग कांटा तक रहेगा नो व्हीकल जोन सीकर शहर डीएसपी नवनीत कौर ने बताया कि मतगणना के दौरान कल्याण सर्किल से बजरंग कांटा तक नो व्हीकल जोन रहेगा। 14 सितंबर को सुबह 4 बजे से काउंटिंग पूरी होने तक सिल्वर जुबली रोड पर वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही इस रोड से जुड़ी सभी गलियों में भी बैरिकेडिंग की जाएगी। लोगों को जमा नहीं होने दिया जाएगा। लॉ एंड ऑर्डर को मेंटेन करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को किसी भी प्रत्याशी को विजयी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।