श्रीगंगानगर के चौधरी बल्लूराम गोदारा गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में महाराजा गंगा सिंह कॉलेज, बीकानेर की 23वीं इंटर कॉलेज वॉलीबाल (महिला) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीकानेर संभाग के 10 कॉलेजों की महिला टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन सचिव डॉ. रेखा भारद्वाज ने बताया- प्रतियोगिता का पहला मैच SNG गर्ल्स पीजी कॉलेज श्रीगंगानगर और MJD राजकीय महाविद्यालय तारानगर के बीच खेला गया। इसमें SNG गर्ल्स कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद मेजबान चौ. बल्लूराम गोदारा की टीम और SBS कॉलेज, नोहर के बीच मुकाबला खेला गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुभाष गोदारा ने किया। उन्होंने खिलाड़ी छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि टांटिया विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा के प्रोफेसर सुरजीत कस्वां ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की बात कही। कहा- खिलाड़ियों में द्वेष नहीं, बल्कि हेल्दी कॉम्पिटिशन की भावना होनी चाहिए। खेलों में करियर की संभावनाएं खेल समिति प्रभारी प्रो. श्याम लाल ने कहा- महिलाओं ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। खेल के क्षेत्र में भी छात्राओं के लिए करियर की असीम संभावनाएं हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. पूनम सेतिया ने की। उन्होंने कहा- खिलाड़ी छात्राएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। सही निर्णय क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा के साथ विजय हासिल की जा सकती है। विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक एवं स्पोर्ट्स बोर्ड सदस्य सुखजीत सिंह तथा खेल विशेषज्ञ एमडी कॉलेज, रायसिंहनगर की जन्नत बिश्नोई भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले खिलाड़ी छात्रा अर्चना ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जगमोहन, रवि जाखड़, मुकेश कुमार, अजीत कुमार, नेहा शर्मा, संदीप और संजय शर्मा शामिल रहे। इस दौरान वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. कमलजीत मान, डॉ. रेखा बेरवाल, खेल समिति सदस्य राजेश, वीरेंद्र सिंह यादव, हेमंत, अंजलि सहित संकाय सदस्य और छात्राएं मौजूद रहीं।