कार चालक ने सामने आ रहे बाइक सवार युवक को इतनी तेज टक्कर मारी कि बाइक सवार युवक का पैर ही कटकर अलग हो गया। हादसा 7 सितंबर की अल सुबह 5 बजे श्रीगंगानगर-सादुलशहर स्टेट हाइवे पर बुधरवाली के निकट हुआ। गंभीर घायल युवक का जनसेवा अस्पताल में उपचार जारी है। युवक के भाई की ओर से कार के चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक और तेज गति से कार चलाकर हादसा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है। लालगढ़ थाने के एएसआई चेनसिंह शेखावत मामले की जांच कर रहे हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि पन्नीवाली जाटान निवासी नरेंद्र जाट अपनी बाइक आरजे 13 एसवाई 0350 पर सवार होकर 7 सितंबर की सुबह अपने ननिहाल रासूवाला जा रहा था। बुधरवाली के निकट सामने से आई कार एचआर 12 यू 9880 के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक नरेंद्र का दाईं तरफ का पैर नीचे से कटकर अलग हो गया। इसके अलावा मल्टीपल फ्रेक्चर आने से उसकी हालत गंभीर हो गई। घटनास्थल के निकट खेत में काम कर रहे किसान बेअंत सिंह ने घायल को संभाला और सादुलशहर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद नरेंद्र को रेफर कर दिया।