उदयपुर में पब्लिक की समस्याओं को सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई दैनिक भास्कर की पहल ‘भास्कर समाधान’ के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। पिछले तीन महीनों में प्लेटफॉर्म पर सड़क, सीवेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई, जलभराव, पार्क और बेसहारा पशुओं सहित कई तरह की समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से अब तक 450 से ज्यादा समस्याओं का समाधान कराया जा चुका है। इसी कड़ी में उदयपुर स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय में ‘भास्कर समाधान’ में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 9 ‘पब्लिक के स्टार’ का सम्मान किया गया। इनमें नगर निगम और बिजली विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। सम्मान समारोह में दैनिक भास्कर राजस्थान के स्टेट एडिटर किरण राजपुरोहित, दैनिक भास्कर उदयपुर के यूनिट हेड सुरेंद्र जांगिड़ और नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने कर्मचारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सम्मानित सदस्यों को जूट बैग भी दिए गए। सबसे पहले देखें इवेंट की तस्वीरें… शहरवासी खुद पोस्ट कर रहे इलाके से जुड़ी समस्या स्टेट एडिटर किरण राजपुरोहित ने ‘भास्कर समाधान’ को लेकर कहा, "यह देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी खुद अपने इलाके में जन समस्याओं से जुड़ी कोई भी पोस्ट कर रहे हैं। हम सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच एक पुल हैं, जो समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं।" लोगों के शानदार रिस्पॉन्स को देखते हुए इसे और अधिक प्रभावी व आसान बनाया गया है। साथ ही, इस सेगमेंट में अहम भूमिका निभाने वाले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया है। सड़क, सीवेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई की समस्या का समाधान हुआ 'भास्कर समाधान' के जरिए सामने आई जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले उदयपुर के 9 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पिछले तीन महीनों में इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी कई समस्याओं के समाधान में सहयोग किया। इनमें सड़क, सीवेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई, पार्क और बेसहारा पशुओं से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। प्लेटफॉर्म पर शिकायत सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने मामले को संज्ञान में लेकर समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई की। ‘भास्कर समाधान’ शिकायत अधिकारियों तक पहुंचाने का माध्यम नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि ‘दैनिक भास्कर समाधान’ पहल से जनता की काफी समस्याएं दूर हुई हैं। कई लोगों को अपने जनप्रतिनिधि का मोबाइल नंबर या पता नहीं मालूम होता, ऐसे में वे अपनी शिकायत कहां दर्ज कराएं, यह समझ नहीं पाते। दैनिक भास्कर के यूनिट हेड सुरेंद्र जांगिड़ ने कहा कि ‘भास्कर समाधान’ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे और सभी इसका फायदा उठाएं। इससे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी सीधे जनता से जुड़ने का बेहतर मौका मिल रहा है। जनता अपनी समस्या को एप के जरिए दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जरूरत होने पर जनता सीधे उनसे मिलकर भी अपनी समस्या बता सकती है और उसका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के जेईएन कैलाश नागदा ने कहा कि खबर में शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर मिलने पर वे सीधे फोन कर समस्या की जानकारी लेते हैं और उसके समाधान का प्रयास करते हैं। यह एक अच्छी पहल है। पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप पर 'भास्कर समाधान' सेगमेंट देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी खुद अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू पोस्ट कर सकते हैं। यह पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा माध्यम बना है। एप को यूजर्स के लिए भी काफी आसान बनाया गया है और नए फीचर्स जोड़े गए हैं। किसी समस्या का समाधान होने पर यूजर्स बता सकते हैं कि उनकी शिकायत दूर कर दी गई है।