राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान के विरोध में शनिवार को उदयपुर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर के हाथीपोल चौराहा पर उनका पुतला भी फूंका गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर मदन राठौड़ के बयान के प्रति नाराजगी जताई। फतह सिंह राठौड़ ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान की निंदा करते हुए कहा कि पुलवामा में शहीद हुए जवानों और पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों की शहादत पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ऐसे संवेदनशील विषय पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देना शहीदों, सैनिकों और आतंकवाद से प्रभावित परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। पहले देखें दो तस्वीरें… मदन राठौड़ का बयान पाकिस्तान के प्रति नरम रवैया उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान पाकिस्तान के प्रति नरम रवैया दिखाता है। फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा चुनावों के दौरान राष्ट्रवाद और पाकिस्तान को सबक सिखाने की बात करती है, लेकिन ऐसे बयान गंभीर सवाल खड़े करते हैं। भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि शहीदों और देश के नागरिकों के सम्मान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता क्या है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि देश की सुरक्षा, आतंकवाद और शहीदों के सम्मान जैसे विषयों पर नेताओं को अपने बयानों की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और शहीदों के सम्मान के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि मदन राठौड़ अपने बयान पर स्पष्टीकरण दें और देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता शहीदों के सम्मान और जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि प्रदर्शन में पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गोपाल कृष्ण शर्मा, पंकज कुमार शर्मा, दिनेश श्रीमाली, शंकर चंदेल, अजय सिंह, मोहसिन खान, अशोक तंबोली, अमित सुवालका, हिदायतुल्लाह, सिद्धार्थ सोनी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।