नगर निकाय आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को ब्रिलियंट पब्लिक सीनियर सैकण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंडवादन के साथ मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली को संबोधित करते हुए सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने युवाओं के तीन महत्वपूर्ण काम शिक्षा, सेवा और मतदान बताते हुए विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी दी व मतदान का संकल्प कराया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण ऑनलाइन एप्लीकेशन ईसीआई नेट, सी-विजिल एवं केवाईसी के बारे में भी विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी और इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के निदेशक एवं ईएलसी प्रभारी विनोद विजय के नेतृत्व में निकाली गई रैली में विद्यार्थी हाथों में मतदाता जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। विद्यार्थियों ने बैंड की धुन के साथ जागरूकता नारे लगाते हुए वार्ड नंबर 7 एवं 8 के विभिन्न क्षेत्रों में आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य अनिमेष विजय, सहायक प्रभारी ईएलसी दीपक सिंह, संगीत अध्यापक रोहित सिसोदिया सहित अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। दूूसरी ओर भीमगंज वार्ड स्थित उच्च माध्यमिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व का संदेश दिया। सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने उपस्थित जन को मतदान का संकल्प दिलाते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी। प्रधानाचार्य अश्विनी त्रिपाठी के नेतृत्व में निकाली गई रैली में विद्यार्थी हाथों में मतदाता जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर तथा जागरूकता नारे लगाते हुए वार्ड नंबर 9, 14 एवं 12 के विभिन्न मार्गों से गुजरे। विद्यार्थियों ने आमजन से निर्भय होकर मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।